Showing posts with label बुद्ध. Show all posts
Showing posts with label बुद्ध. Show all posts

Tuesday, December 27, 2016

चाहतें

--------------------------------------------------
​माँग ली मैंने तुमसे तुम्हारी सबसे उदास शामें
और मेघ ढंके आकाश वाली तमाम काली रातें
बदले में मैंने चाहा तुमसे केवल तुम्हारा सावन 

बाँट लिया मैंने तुमसे अपना खिला हुआ वसंत 
और संजोकर रखे बहार के अपने सपने अनंत 
आस रही कि तुम रंग दोगे मन का घर-आँगन

तुमने हरा किया मेरे पुराने जख्मों को सावन में 
वसंत और बहार अब उतरता ही नहीं आँगन में 
एकांत की नीरवता से लीपा मन के घर का प्रांगण

तुम्हारी निष्ठुरता ने जगाया मुझमें अलख ज्ञान का 
होकर बुद्ध एकाकीपन के बोधिवृक्ष तले गई जान 
कि प्रेम में जिसे चाहते हैं, उससे कुछ नहीँ चाहते

प्रेम में चाहनाओं का तर्पण ही मुक्त हो जाना है !!

Sunday, October 4, 2015

मैं बुद्ध हुई जाती हूँ

-----------------------------------------------------------------------
मेरे दिशाहीन सपने
ढूंढ़ते हैं आवारा रातों में
झड़े हुए हरश्रृंगार के कुछ फूल
बिजली की तार पर बैठा नीलकंठ
या नील नदी की लुप्त कोई एक धारा


जैसे लिख जाना चाहते हों समय के पन्नों पर
कुछ सुन्दर महकते यादगार बेशकीमती लम्हें
जैसे उकेर रहे हों कैनवास पर मुक्ति को आतुर आत्मा
और शायद थोड़ा शोक पतझड़ में पेड़ से गिरे किसी पत्ते का


आह! मैं बुद्ध हुई जाती हूँ आवारा रातों में सपनों के बोधिवृक्ष तले

-------सुलोचना वर्मा-----------

Friday, May 16, 2014

वटवृक्ष

----------------------
क्यूँ व्यथित हो वटवृक्ष
जो रेंग रही हैं तुम्हारे तन पर अमरबेलें
और जकड़ रही है निशिदिन
तुम्हे निज बाहुपाश में


नहीं, तुम असहाय नहीं
ये  है सामर्थ्य तुम्हारा
कि धरा है तुमने धरणी को अपनी बहुभुजाओं से
देना औरो को आश्रय, रचा है विधाता ने तुम्हारी नियति में


सनद रहे ! तुम्हारी कोटरों में
रहते है विषयुक्त काले सर्प
फैलाकर चलते फन, जब भी जाते भ्रमण को
और अपने गरल पर व्यर्थ ही करते दर्प


तुम्हारी क्षमता का परिचायक हैं
तुम्हारी असंख्य शाखाओं पर पत्तों की भरमार
तुम्हें होना है परिणत कल्पतरु में
और करना है पोषित ये समस्त संसार


ना हो व्यथित, कि तुम हो वटवृक्ष
सह लो थोड़ा संताप, धरे रहो तुम धीर
और करो अभिमान निज पर कि तुम्हारी छाया में रहकर
सिद्धार्थ "गौतम" कहलाये


पढ़ा होगा हर एक पत्ते को तप के तमाम वर्षों में 
और तथागत ने सीखा होगा धैर्य का पाठ तुम्ही से
सीखा होगा तृष्णा का त्याग, प्रज्ञा की वृद्धि तुम्हारे आचरणरुपी धर्म से
धर्म, जो यह बताए कि करुणा से भी अधिक मैत्री है आवश्यक |
 

सुलोचना वर्मा