Showing posts with label विज्ञान. Show all posts
Showing posts with label विज्ञान. Show all posts

Sunday, July 12, 2015

विज्ञान

----------------------------------------------------------
आख़िर ढूँढ ही लिया विज्ञान ने तुम्हारे मकबरे को
जहाँ सोये पड़े हो हजारों सालों से तुम चिरनिंद्रा में


सबसे आसान रहा जान लेना तुम्हारा नाम तुतनखामन
कि वह खुदा था सोने की ताबूत में और संकेतों में भी
फिर खोला एक-एक कर पट्टियों को तुम्हारी ममी से
जब वो कर रहे थे ऐसा क्या तुम्हे दर्द हुआ था तुतनखामन?


कंप्यूटर टोमोग्राफी ने बताया तुम्हारा भोजन था पौष्टिक
कि तुम्हारी हड्डियों में अब भी मौज़ूद थे खनिज पदार्थ
और फोरेंसिक विश्लेषण ने तुम्हारी उम्र बताई उन्नीस
क्या तुम्हारे पास खाने की आहार योजना थी तुतनखामन?


सुन्दर बनावट तुम्हारे नाखूनों की कर रही थी इशारा
शाही परिवार से तुम्हारे करीबी ताल्लुकात की ओर  
फिर बिखरा था मकबरे में कीमती चीजों का जखीरा
क्या तुम जानते थे कि राजाओं को भी मरना होता है तुतनखामन?


विज्ञान का कमाल ही है कि हम जान पाए तुम्हारे बारे में
पर विज्ञान अपनी प्रोद्योगिकी से नहीं कर पाया अविष्कार
किसी ऐसे यंत्र का जो माप सके दुःख अल्पायु में मरने का
या माप सके संतोष एक किशोरवय राजा के दफ्न होने का
अपने ही दो मृत जन्मे नन्हें राजकुमारों के बिलकुल पास
क्या तुम्हारा प्रसिद्ध श्राप विज्ञान के लिए था तुतनखामन?

 ------सुलोचना वर्मा---------