Showing posts with label समय. Show all posts
Showing posts with label समय. Show all posts

Wednesday, June 1, 2016

उन दिनों(प्रेम)

--------------------------------------------------------------
                          1.
उसने कहा "मैं हूँ और मेरा वक़्त है"
और ऐसा कहकर माँग लिया मेरा साथ  
वह एक बेहद थका हुआ समय था 
जिसमे चल पड़े थे हम तेज क़दमों से 
उन दिनों हमारा वक़्त हमसे माँग रहा था केवल प्रेम  

                         2.
वक़्त जो माँग रहा था प्रेम, बदल गया 
अब सिर्फ था वह और थी उसकी जरूरतें 
उन जरूरतों की सूचि में कहीं भी नहीं थी मैं 
लाज़िम था मेरी जरूरतों को नहीं दिया उसने अपना वक़्त  
ऐसे में अब सिर्फ बेशर्म वक़्त ही था जो रह गया मेरे पास  

                        3.
मुस्कुरा देती हूँ मैं अक्सर यह सोचकर कि मालूम था उसे 
कि बंद पड़ी थीं तमाम घड़ियाँ मेरे घर की, एक अरसे से
और मैं नहीं चल रही थी समय के साथ मिलाकर ताल 
वह जानता था बख़ूबी कि वक़्त नहीं लगता है वक़्त बदल जाने में 
और यह भी कि जरूरतें बदल जाती हैं वक़्त के ही साथ 

                       4.
आज भी बंद पड़ी हैं तमाम घड़ियाँ मेरे घर की 
कि उसमें दर्ज है वह समय जब हम पहली बार मिले थे 
घड़ी में तीन बजाते काँटों की शक्ल बनाती है आकार उसकी ऊँची नाक की
जो थोड़ा और तन जाती है मेरी हर शिकायत के बाद 
गिर रही हूँ मैं प्रेम की गहरी खाई में इन दिनों, मुझे घेरे खड़ा है वक़्त का ऊँचा पहाड़ !!!!

आई ऍम फॉलिंग इन लव - प्रेम में गिर जाना जिसे कहते हैं!!!

---सुलोचना वर्मा -------

Sunday, November 29, 2015

खराब समय

------------------------------------------------
ठीक जिस वक़्त ढूंढ रही थी मैं
खराब समय की संज्ञा
जम रहा था पसीना माथे पर समय के
मानवता की हाहाकार पर


मिनटों और सेकण्ड्स में बिखर रहा था जो
लड़ी से टूटे उजले मोती के दाने की भाँति
असहिष्णु हो उठा वह खराब समय अब
और चल पड़ा घृणा के रक्तिम पथ पर


कुहासा ओढ़े चला जा रहा है घृणित समय
बंद कर रहे हैं लोग घरों के खिड़की दरवाजे
छोड़ जाती हैं समस्त ऋतुएँ भी खराब समय को
नहीं गलता है खराब समय बारिश के पानी से


स्वाभाविक है जहाँ अन्धकार खराब समय के लिए
उसकी उम्मीदों में है शामिल अच्छे दिनों का प्रकाश
कि कभी देखे हैं उसने भी यहाँ मैदानों में हरा घास
कि उसकी स्मृतियों में अब भी दहकता है रंगीन पलाश


पलट दिया जाता है देखते ही देखते
कैलेंडर का अंतिम पन्ना भी
और रह जाता है समय काल की विस्मृति में
बनकर केवल एक इतिहास


खराब समय चलता है लड़खड़ाकर शराबी की तरह
उसकी शरीर से फूटता रहता है घृणा का मवाद
जिससे दूरी बनाकर आगे बढ़ जाते हैं अच्छे लोग
अच्छे लोग, जो ले आए है यह भीषण महामारी !!!


 ----सुलोचना  वर्मा--------